गरियाबंद :_ जिले में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी गरियाबंद के जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर का मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर साइबर ठग उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग कर लोगों से पैसों की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, हैकर पहले परिचितों को "जी बोलो", "एक छोटी सी हेल्प चाहिए" जैसे सामान्य संदेश भेजकर बातचीत शुरू करता है। इसके बाद वह यह कहता है कि उसका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और किसी अन्य अकाउंट में 45 से 50 हजार रुपये ट्रांसफर करने की मांग करता है। विश्वास दिलाने के लिए वह एक क्यूआर कोड या यूपीआई विवरण भी भेज देता है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद अनिल चंद्राकर ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदेश, कॉल या पैसों की मांग पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले सीधे फोन पर संपर्क कर जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।
यह घटना एक बार फिर साइबर अपराधियों के बढ़ते हौसलों को उजागर करती है। साइबर ठग अब जनप्रतिनिधियों और प्रतिष्ठित लोगों की पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में आम नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन से बचने की आवश्यकता है।
0 टिप्पणियाँ