मातर पर्व को लेकर गरियाबंद पुलिस अलर्ट, जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान तेज

(Mr ds news) गरियाबंद:_ मातर पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गरियाबंद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रख रही है। इसके साथ ही चाकू एवं अन्य धारदार हथियारों की भी जांच की जा रही है, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अशांति की स्थिति निर्मित न हो।

शराब भट्टियों के आसपास विशेष चेकिंग

मातर पर्व के मद्देनजर शराब भट्टियों के सामने एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को रोककर उनकी जांच की गई और शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की सख्त समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग करने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

गरियाबंद पुलिस द्वारा पर्व के दौरान लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और मातर पर्व को बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराना है।
गरियाबंद पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मातर पर्व को हर्षोल्लास, आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के हुड़दंग या विवाद से दूर रहें।

गरियाबंद पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ