पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने श्रद्धा से रखा वट सावित्री व्रत



गरियाबंद/कोपरा:_ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक माने जाने वाले वट सावित्री व्रत को लेकर कोपरा क्षेत्र के ग्राम देवरी में शुक्रवार को धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गांव की महिलाओं एवं माताओं ने अपने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ पूरे विधि-विधान से वट सावित्री व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।

महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर गांव के वट वृक्ष के पास एकत्रित हुईं, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर वट वृक्ष की परिक्रमा की और रक्षा सूत्र बांधकर अखंड सौभाग्य की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया तथा मां सावित्री और सत्यवान की कथा को याद करते हुए पति की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की।

पूजा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। महिलाओं ने भगवान से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी प्रेम बनाए रखने की कामना भी की। ग्रामीण क्षेत्र में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया और महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए उपवास रखा।

इस अवसर पर टमेश्वरी साहू, ईशू तारक, पायल साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं माताएं उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर पूजा-अर्चना की और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया। गांव में पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा तथा लोगों में उत्साह देखने को मिला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ