(Mr ds news) गरियाबंद:_ छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और पर्यटन को नई उड़ान देने के उद्देश्य से मोटो क्वींस एडवेंचर टीम की करीब 30 महिला बाइकर्स रविवार को जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद पहुंचीं। रायपुर से राजिम होते हुए जिले में पहुंची इस टीम को गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने हरी झंडी दिखाकर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के लिए रवाना किया।
यह अभियान केवल बाइक राइड तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला
सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता फैलाने का प्रयास है। टीम में गृहिणियां, छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिकाएं, आईटी प्रोफेशनल और व्यवसायी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं, जो लंबी दूरी की बाइक यात्रा कर यह संदेश दे रही हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
गरियाबंद पहुंचने के बाद टीम उदंती सीतानदी टाईगर रिजर्व और ओड़ क्षेत्र का भ्रमण करेगी। इस दौरान महिला बाइकर्स जिले की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार करेंगी। साथ ही लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगी।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि गरियाबंद अब नक्सल मुक्त जिले के रूप में नई पहचान बना रहा हैं। जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और ऐसे अभियान यहां के पर्यटन को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने की अपील भी की।
मोटो क्वींस एडवेंचर टीम की महिला बाइकर्स ने बताया कि पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में मानसून पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को देशभर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य महिलाओं को एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए प्रेरित करना, आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना है।
वहीं, कि उदंती सीतानदी टाईगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन इस अभियान को पूरा सहयोग दे रहा है। ऐसे प्रयास इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति भी जागरूक करेंगे।
महिला शक्ति, सुरक्षित यातायात और प्रकृति संरक्षण का संदेश लेकर निकली मोटो क्वींस एडवेंचर टीम का यह अभियान गरियाबंद के पर्यटन को नई पहचान देने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभर रहा है।
0 टिप्पणियाँ