बिंग..... ब्रेकिंग रथयात्रा के बीच बड़ा हादसा: उरमाल में बारिश से जर्जर होटल ढहा, 9 से अधिक घायल, बाजार में मची अफरा-तफरी


(Mr ds news) गरियाबंद:_ 
जिले के देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत उरमाल गांव में रथयात्रा के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जर्जर ईंट-खपरे का एक होटल अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 9 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिएसामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उरमाल पहुंचाया गया।

घायलों में एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे और आगे की जांच के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण होटल की दीवारें और छत कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर बारिश के मौसम में जर्जर भवनों की स्थिति और उनकी समय पर जांच की आवश्यकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटाने और आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ