ब्रेकिंग गरियाबंद : दो दिनों से गंदा पानी पीने को मजबूर लोग, टूटी पाइपलाइन पर नगर पालिका की चुप्पी, वार्डवासियों में भारी आक्रोश

(Mr ds news) गरियाबंद:_ नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 7 स्थित रावणभाठा पानी टंकी की मुख्य पाइपलाइन ट्रक धंसने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते वार्ड क्रमांक 7 और 8 में पिछले दो दिनों से बदबूदार एवं दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। गंदे पानी की आपूर्ति से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है और नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद एवं नगर पालिका के नल-जल विभाग के सभापति खेम सिंह बघेल ने मामले की जानकारी तत्काल मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को देकर पाइपलाइन की शीघ्र मरम्मत की मांग की थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने न तो क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराई और न ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार पक्ष पर कोई कार्रवाई की।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार दूषित पानी की सप्लाई से पीलिया, डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके।

वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ