(Mr ds news) गरियाबंद:_ जिले में एक बार फिर करिना और स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में कोरोना और स्वाइन फ्लू के कुल 3 पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य अमला सक्रिय हो गया है। इनमें एक कोरोना संक्रमित और दो स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कोरोना संक्रमित मरीज गरियाबंद मुख्यालय का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं स्वाइन फ्लू के दो संक्रमित मरीजों में एक मैनपुर और दूसरा गरियाबंद क्षेत्र का बताया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सामने आए मामलों में ट्रैवल हिस्ट्री भी सामने आने की बात कही जा रही है।
13 लोगों के लिए गए सैंपल
संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की स्थिति के साथ-साथ उनके संपर्क में आए लोगों की निगरानी शुरू कर दी है। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले करीब 13 लोगों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। अब इन सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट 24 से 48 घंटे के भीतर आने की संभावना है। रिपोर्ट सामने आने के बाद जिले में संक्रमण की स्थिति को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।
जांच का दायरा बढ़ा तो बढ़ सकता है आंकड़ा
इधर, जिले में फिलहाल कोरोना और स्वाइन फ्लू को लेकर जांच और टेस्टिंग का दायरा सीमित होने की बात भी सामने आ रही है। ऐसे में यदि स्वास्थ्य विभाग जांच का दायरा बढ़ाता है और अधिक लोगों की स्क्रीनिंग एवं टेस्टिंग की जाती है, तो संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
कोरोना और स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचने, स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की नजर संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की रिपोर्ट पर टिकी हुई है। 13 सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद ही जिले में संक्रमण की वास्तविक स्थिति को लेकर स्थिति और साफ हो पाएगी।
0 टिप्पणियाँ