"जीवन की गाड़ी खुद चलानी पड़ती है" - पं. रामकुमार शर्मा
कार्यक्रम का शुभारंभ बैल की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि भगवताचार्य पं. रामकुमार शर्मा ने अपने आशीर्वचन में पोरा पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक आयोजनों की सराहना करते हुए जीवन से जुड़ा प्रेरक संदेश दिया।
पं. शर्मा ने कहा कि बच्चे मिट्टी के बैल को खींचकर ले जाते हैं, जबकि वास्तविक बैल मनुष्य के जीवन की गाड़ी को खींचता है। इसी तरह वास्तविक जीवन की गाड़ी हमें स्वयं चलानी पड़ती है और जब हम असमर्थ हो जाते हैं, तब किसी दूसरे के सहारे की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा कि सामाजिक और सेवा के क्षेत्र में होने वाले कार्यों के लिए जब भी उनके सहयोग की आवश्यकता होगी, वे हमेशा आगे रहेंगे।
परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं ऐसे आयोजन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद सदस्य हीरामणि साहू ने कहा कि पोरा तिहार मनाने की परंपरा वर्षों पुरानी है। किसान खेती-किसानी में बैलों के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भादो अमावस्या के दिन बैलों को नहलाकर, सजाकर उनकी विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में पानी टंकी, मिनी मास्क लाइट और बैठने के लिए लोहे की कुर्सियों की मांग रखी। ग्रामीणों की मांग पर जनपद सदस्य हीरामणि साहू ने इसी सत्र में लोहे की कुर्सियां उपलब्ध कराने की घोषणा की।
तालाब गहरीकरण कार्य का मिला आश्वासन
विशेष अतिथि सरपंच सरिता साहू ने पोरा पर्व को भारतीय संस्कृति और ग्रामीण परंपरा की पहचान बताते हुए हेल्प यूथ क्लब के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा प्रतिवर्ष पर्व को यादगार बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। ग्रामीणों की पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने तालाब गहरीकरण एवं सौंदर्गीकरण का कार्य जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।
विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन में हेल्प यूथ क्लब के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में हेल्प यूथ क्लब के अध्यक्ष डॉ. शेषनारायण साहू ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
विजेता इस प्रकार
मटका फोड़ वरिष्ठ नागरिक मनराखन साहू फुगड़ी प्रथम रेणुका साहू, द्वितीय नीलम यादव, गिलाश गिराओ चंद्रप्रकाश यादव, द्वितीय चिंटू तारक गिलाश गिराओ महिला प्रथम जानकी यादव, गीतिका तारक कुर्सी दौड़ महिला प्रथम सीमा साहू, द्वितीय बिंदा साहू कुर्सी दौड़ पुरुष प्रथम लिलेश साहू, टोमेश्वर साहू जलेबी दौड़ प्रथम नूतन साहू, द्वितीय पुष्पराज साहू
0 टिप्पणियाँ