गायन में प्रथम स्थान हासिल कर विक्रांत साहू ने बढ़ाया शहर का मान, सीएम ने किया सम्मान

(Mr ds news)रायपुर:_ राजधानी रायपुर के होटल बेबीलोन कैपिटल में आयोजित प्रतिष्ठित 'छत्तीसगढ़ नेक्स्ट-यूथ कॉनक्लेव' में शहर के प्रतिभाशाली युवा गायक विक्रांत साहू ने अपनी शानदार गायकी का जलवा बिखेरते हुए गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार और शहर, बल्कि संगीत प्रेमियों के बीच भी खुशी की लहर दौड़ा दी।

कार्यक्रम के गौरवशाली अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विक्रांत साहू को विजेता ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। मंच पर सम्मान प्राप्त करते हुए विक्रांत के चेहरे पर जीत की खुशी साफ नजर आई।

पीयूष मिश्रा की मौजूदगी ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह

कार्यक्रम में जाने-माने अभिनेता, लेखक और संगीतकार पीयूष मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मंच से युवाओं का उत्साहवर्धन किया और प्रतिभागियों को अपनी कला एवं प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया।

अपनी सफलता पर विक्रांत साहू ने पीयूष मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंच पर उनकी मौजूदगी और युवाओं का उत्साह बढ़ाने वाले उनके शब्द प्रतिभागियों के लिए ऊर्जा और प्रेरणा का बड़ा स्रोत रहे।

वर्षों की मेहनत और संगीत के प्रति समर्पण का परिणाम

प्रथम स्थान हासिल करने के बाद विक्रांत साहू ने अपनी सफलता का श्रेय वर्षों की मेहनत, निरंतर अभ्यास और संगीत के प्रति समर्पण को दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित मंच ने उन्हें अपनी गायन प्रतिभा को पूरे प्रदेश के सामने प्रस्तुत करने का अवसर दिया, जो उनके संगीत सफर में महत्वपूर्ण पड़ाव है।

आज की जनधारा' ने किया आयोजन

'आज की जनधारा' द्वारा आयोजित इस यूथ कॉनक्लेव में संस्थान के प्रधान संपादक एवं निदेशक सुभाष मिश्रा सहित अन्य विशिष्ट अतिथि, प्रतिभागी और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ