(Mr ds news) गरियाबंद:_ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत इंदागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश निवासी एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10.663 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल की कुल कीमत 6 लाख 43 हजार 150 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को थाना इंदागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बजाज एवेंजर मोटरसाइकिलों में सवार तीन लोग ओडिशा से इंदागांव की ओर गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इंदागांव के आगे सुभाष दुकान के सामने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में दोनों वाहनों की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पहली मोटरसाइकिल से 5.423 किलोग्राम और दूसरी मोटरसाइकिल से 5.240 किलोग्राम, इस तरह कुल 10.663 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
सीट के नीचे छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस ने मौके पर गवाहों की मौजूदगी में गांजा, दोनों मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन को जब्त किया। जब्त सामग्री में दोनों मोटरसाइकिलों की कीमत 50-50 हजार रुपये तथा दोनों मोबाइल की कीमत 5-5 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के धनपुरी क्षेत्र निवासी कमलेश सिंह (32), देवेंद्र सिंह (21) और पूनम सिंह (21) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार कार्रवाई
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों एवं चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इंदागांव पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ