आर्थिक तंगी के आगे नहीं झुका इलाज, जरूरतमंद मरीजों के लिए 'हेल्पिंग हैंड्स'बना सहारा

(Mr ds news) गरियाबंद/छूरा :_ आर्थिक तंगी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज न रुके, इसी संकल्प के साथ छुरा में संचालित हेल्पिंग हैंड्स चैरिटी ग्रुप लगातार मानवसेवा की मिसाल पेश कर रहा है। वर्ष 2020 से सेवा कार्य में सक्रिय इस समूह से करीब 217 सेवाभावी सदस्य जुड़े हैं। नौकरीपेशा, व्यापारी और किसान वर्ग के ये सदस्य अपनी सामर्थ्य के अनुसार प्रतिमाह अंशदान कर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के उपचार में सहयोग करते हैं।

समूह द्वारा जरूरतमंद मरीज और उनके परिवार की आर्थिक स्थिति का आकलन करने के बाद उपचार के लिए आंशिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। अब तक 183 से अधिक जरूरतमंद मरीजों को 23 लाख रुपये से ज्यादा की सहयोग राशि प्रदान की जा चुकी है।

तीन महीने में 16 मरीजों को मिला आर्थिक संबल

सेवा कार्य के इसी क्रम में जुलाई से सितंबर 2026 के बीच हेल्पिंग हैंड्स चैरिटी ग्रुप ने 16 जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए कुल 2 लाख रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की।

इस दौरान ग्राम रावनाभांठा (छुरा) निवासी बिसनाथ साहू को प्रोस्टेट ग्रंथि की समस्या के उपचार के लिए 5 हजार रुपये, सरकड़ा निवासी पार्वती निषाद को दोनों किडनी की समस्या के लिए 20 हजार रुपये, खैरझिटी निवासी रतन यादव को किडनी की समस्या के उपचार के लिए 20 हजार रुपये और रायपुर निवासी महेश मंगतानी को दोनों। किडनी के संक्रमण के इलाज के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दी गई।
इसी तरह सिवनी निवासी चमेली बाई को दोनों किडनी खराब होने के उपचार के लिए 20 हजार रुपये, भरुवामुड़ा निवासी राजेंद्र ठाकुर को आंत के कैंसर के इलाज के लिए 20 हजार रुपये, रोहिणा निवासी भुनेश्वर टोंडे को सड़क दुर्घटना में पैर टूटने के उपचार के लिए 5 हजार रुपये तथा राजिम निवासी शिवकुमार देवांगन को बेडसोर की समस्या के उपचार के लिए 10 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई।

मरोदा निवासी उमाशंकर यादव को गॉलब्लैडर ऑपरेशन के बाद दवाइयों के लिए 5 हजार रुपये, खुसरूपाली निवासी मास्टर मोक्ष निषाद को चिरायु केस के अंतर्गत 3 हजार रुपये, कसेरू निवासी संदीप ठाकुर को फिंगर एंप्यूटेशन के लिए 10 हजार रुपये, पथरी निवासी पिलेश कुमार साहू को मुंह के कैंसर के उपचार के लिए 20 हजार रुपये और हरदी (छुरा) निवासी टीकम तारक को प्लास्टिक सर्जरी के बाद दवाइयों के लिए 5 हजार रुपये का सहयोग दिया गया।

वहीं कुंडेल निवासी मास्टर अब्दुसमद मियां को ब्रेन ट्यूमर के उपचार के लिए 20 हजार रुपये, द्वारतरा निवासी तेजराम ध्रुव को किडनी की समस्या के लिए 10 हजार रुपये, भेंडरी (जामगांव) निवासी हीरामन सिन्हा को 10 हजार रुपये तथा खरखरा (छुरा) निवासी मास्टर दर्श पटेल को अंदरूनी तकलीफ के ऑपरेशन के बाद दवाइयों के लिए 5 हजार रुपये की सहायता दी गई।
कागजी प्रक्रिया के बाद चेक से दी गई सहायता

समूह के अनुसार, सभी लाभार्थियों को सहयोग राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई। मरीजों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की अपील मिलने के बाद कार्यकारिणी द्वारा आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके बाद मरीज की आर्थिक स्थिति और उपचार संबंधी दस्तावेजों के आधार पर प्रकरण पर विचार कर सहायता राशि स्वीकृत की जाती है।

नौकरीपेशा से लेकर किसान और व्यापारी तक निभा रहे भागीदारी

हेल्पिंग हैंड्स चैरिटी ग्रुप से गरियाबंद जिले के साथ अन्य क्षेत्रों के सेवाभावी लोग भी जुड़े हुए हैं। इनमें नौकरीपेशा लोगों के साथ व्यापारी और किसान वर्ग के सदस्य भी शामिल हैं। सभी सदस्य अपनी सामर्थ्य के अनुसार प्रतिमाह अंशदान करते हैं। इसी राशि का उपयोग गंभीर बीमारी से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाता है।

वर्तमान में समूह मुख्य रूप से गरियाबंद जिले के गंभीर बीमारी से पीड़ित और आर्थिक रूप से असक्षम जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए आंशिक आर्थिक सहयोग उपलब्ध करा रहा है।
'आप अकेले नहीं हैं'- इसी भरोसे के साथ छह साल से सेवा

हेल्पिंग हैंड्स चैरिटी ग्रुप का मानना है कि किसी जरूरतमंद को यह भरोसा दिलाना कि वह अकेला नहीं है और समाज उसके साथ खड़ा है, उसके संघर्ष को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी भावना के साथ समूह पिछले छह वर्षों से लगातार सेवा कार्य को आगे बढ़ा रहा है।

समूह के कोषाध्यक्ष गोपाल सोनी एवं लक्की मेमन ने बताया कि अब तक 23 लाख रुपये से अधिक की सहायता जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाई जा चुकी है। समूह परिवार ने सहायता प्राप्त सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए यहां करें संपर्क

जरूरतमंद मरीज की जानकारी हेल्पिंग हैंड्स चैरिटी ग्रुप तक पहुंचाने अथवा सेवा कार्य से जुड़कर सहयोग करने के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:

9893777868 | 9893382427 |

9993442877

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ