छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से सटे कंधमाल इलाके में मुठभेड़,हथियार व शव बरामद





गरियाबंद:_ छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा के कंधमाल जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओडिशा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सीआरपीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीमों द्वारा चलाए जा रहे सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी सीसी मेंबर गणेश यूके उर्फ पाका हनुमंत समेत कुल 6 नक्सलियों को मार गिराया गया।

मुठभेड़ स्थल से मारे गए नक्सलियों के शवों के साथ हथियार और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद किए जाने की सूचना है। मारे गए नक्सलियों में दो महिला नक्सली भी शामिल बताई जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मृत नक्सलियों में कुछ नक्सली छत्तीसगढ़ से भी जुड़े हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीसी मेंबर गणेश यूके पिछले करीब 40 वर्षों से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और ओडिशा व आंध्र प्रदेश क्षेत्र की कमान संभाल रहा था। वह नक्सल संगठन का शीर्ष रणनीतिक कमांडर माना जाता था, जिसे ढेर किया जाना सुरक्षा बलों के लिए एक ऐतिहासिक और निर्णायक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में मुठभेड़ हुई, वहां करीब 12 नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना थी, जिसके चलते इलाके में सर्चिग ऑपरेशन अभी भी लगातार जारी है। सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चला रहे हैं।

इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसके दूरग प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

0 टिप्पणियाँ