गरियाबंद :_ प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के सर्वे सूची में पात्र हितग्राहियों के नाम शामिल नहीं किए जाने से नाराज फिंगेश्वर और छुरा विकासखंड के सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को जोहर पार्टी के समर्थन में जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सर्वे सूची की निष्पक्ष जांच और पात्र हितग्राहियों के नाम तत्काल जोड़ने की मांग की।
प्रदर्शन में ग्राम टेका, किरवई, कोमा, परसदाकला, पंडारीतरई, बोरसी, कौंदकेरा, सुरसाबांधा, भेंडरी, बोडकी, जामगांव, धुरसापौंड और पांडुका सहित कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पात्र होने के बावजूद अनेक गरीब परिवारों का नाम सर्वे सूची से बाहर कर दिया गया है, जबकि कई अपात्र लोगों को सूची में शामिल कर लिया गया है। उनका कहना है कि ऐसे लोगों के नाम भी सूची में हैं जिन्हें पहले ही आवास योजना का लाभ मिल चुका है। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों, बड़े भू-स्वामियों और अन्य अपात्र व्यक्तियों को भी पात्र घोषित किए जाने का आरोप लगाया गया।
ग्रामीण लिकेश साहू ने कहा कि कई पंचायतों में ग्राम सभा के दौरान मिलीभगत कर अपात्र लोगों के नामों पर अनापत्ति दर्ज कराई गई, जिससे वास्तविक जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 26 जून को जनपद पंचायत फिंगेश्वर में भी विरोध प्रदर्शन किया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी मांग उठानी पड़ी।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सर्वे सूची में सुधार कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ