गांव-गांव पहुंची गरियाबंद पुलिस, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर चौपाल लगाकर साइबर अपराध, नशा और महिला सुरक्षा पर किया जागरूक


गरियाबंद :_ जिले में पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को जनजागरण अभियान के रूप में मनाते हुए गांव-गांव चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत थाना पाण्डुका के ग्राम तर्रा तथा थाना मैनपुर के धवलपुर, कुल्हाड़ीघाट सहित आसपास के गांवों में पुलिस टीमों ने लोगों से सीधा संवाद किया।

चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता और अखंडता में योगदान से अवगत कराया और समाज में भाईचारा, शांति तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।


अभियान में साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, महिला एवं बाल सुरक्षा कानून, डायल-112 हेल्पलाइन, घरेलू हिंसा से संरक्षण और नशे के दुष्प्रभावों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे रगरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ