भारी बारिश अलर्ट: पुल-पुलियों पर बहते पानी में जान जोखिम में न डालें, कलेक्टर बी.एस. उइके की सख्त अपील

(Mr ds news) गरियाबंद:_ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर बी.एस. उइके ने जिलेवासियों से अपील की है कि नदी-नालों, तालाबों और पुल-पुलियों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी स्थिति में पानी से लबालब पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें।

कलेक्टर ने कहा कि आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। कई क्षेत्रों से सड़कों और पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने की सूचना मिल रही है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने विशेष रूप से स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी पुल-पुलिया पर पानी बह रहा हो तो उसे बिल्कुल भी पार न करें। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभिभावक पूरी सतर्कता बरतें।

कलेक्टर उइके ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अधिक जलभराव, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों और डायवर्सन वाले मार्गों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों को लगातार जागरूक किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान नदी-नालों से रेत उत्खनन पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन को सूचना देने तथा मौसम विभाग और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील भी की गई है।

प्रशासन कि अपिल: "सुरक्षित रहें, सतर्क रहें। पुल-पुलियों पर बहते पानी को पार करने की भूल न करें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही जान-माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ