(Mr ds news) गरियाबंद:_ जिले के नगर पंचायत कोपरा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। घर के बाहर खेल रहे दो मासूम भाई-बहन की कचड़ा फेंकने के गड्ढे में (घुरवा गड्ढे) में डूबने से मौत हो गई। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में 10 से 12 फीट तक पानी भरा हुआ था। काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कोपरा के तर्रा रोड निवासी बिसेलाल साहू के पोते योगेश साहू और पोती सुमन साहू बारिश रुकने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान घर से सटे घुरवा गड्ढे में वे डूबे हुए मिले आशंका जताया जा रहा है कि दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में डूब गए। लगातार बारिश के चलते गड्ढे में करीब 10 से 12 फीट पानी भरा हुआ था, जिससे दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके। जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों बच्चों को घुरवा गड्ढे में पाया गया। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में खुले और गहरे घुरवा गड्ढों की घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग की है।
0 टिप्पणियाँ