कुर्मी समाज का युवा मिशन, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार होंगे हजारों विद्यार्थी

                    
(Mr ds news) गरियाबंद/कोपरा _ छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आगामी 9 अगस्त 2026 को राज्य स्तरीय वृहद सामान्य ज्ञान परीक्षा छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा के प्रचार-प्रसार और तैयारियों की रूपरेखा तय करने के लिए गरियाबंद विश्राम गृह में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं और प्रतिभावान छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें भविष्य के लिए एक बेहतर और मजबूत प्लेटफॉर्म प्रदान करना है। 

प्रदेश स्तरीय इस परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 31 जुलाई 2026 तक अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कर सकते हैं। यह परीक्षा 9 अगस्त को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में एक साथ आयोजित की जाएगी जिससे कुर्मी समाज के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके रजिस्ट्रेशन के लिए गूगल फॉर्म की सुविधा जारी की गई है जिसका रजिस्ट्रेशन शुल्क 50 रुपए निर्धारित है।पोस्टर विमोचन के इस विशेष अवसर पर छ.ग. प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेश्वर देशमुख विशेष रूप से गरियाबंद पहुंचे।

 बैठक और विमोचन कार्यक्रम में जिले के प्रमुख सामाजिक पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया जिनमें मुख्य रूप से कुर्मी समाज जिला गरियाबंद के जिलाध्यक्ष पुरंदर वर्मा,मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज नगर इकाई गरियाबंद के अध्यक्ष गुलाब सिंह वर्मा,चंद्रनाहु कुर्मी समाज दुल्ला उपक्षेत्र छुरा के अध्यक्ष लोकेश चंद्राकर,जिला महामंत्री कुर्मी समाज जिला गरियाबंद भानुप्रताप भारद्वाज, जिला उपाध्यक्ष कुर्मी समाज जिला गरियाबंद पोषण वर्मा आदि शामिल रहे। प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी प्रदान करते हुए युवा प्रकोष्ठ प्रदेशअध्यक्ष योगेश्वर देशमुख ने कहा कि वर्तमान दौर कड़ी प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे में हमारे युवाओं को समय रहते प्रशासनिक और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न से अवगत कराना बेहद जरूरी है। छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता इसी दिशा में बढ़ाया गया एक सशक्त कदम है। 

कुर्मी समाज के जिलाध्यक्ष पुरंदर वर्मा ने कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों के सामान्य ज्ञान को परखेगी और उनके भीतर छिपे आत्मविश्वास को भी जगाएगी। समाज के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं और उच्च पदों तक पहुंचाने के लिए यह एक बेहतर बुनियाद साबित होगी।

प्रतियोगिता में हुई है आकर्षक पुरस्कार की घोषणा प्रतियोगिता परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को 21 हजार रुपए के पुरस्कार की घोषणा कुर्मी समाज के प्रदेशअध्यक्ष व दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल द्वारा की गई है,द्वितीय पुरस्कार 17 हजार रुपए जिला सहकारी बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन द्वारा, तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपए दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के द्वारा घोषित की गई है। 

प्रतियोगिता में चतुर्थ ,पंचम और सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सामाजिक पदाधिकारियों ने कुर्मी समाज के सभी प्रतिभावान युवाओं से अपील की है कि वे इस स्वर्णिम अवसर का लाभ उठाएं और 31 जुलाई से पहले अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाकर 9 अगस्त को होने वाली इस परीक्षा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ