(Mr ds news) गरियाबंद:_ नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 8 में सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। वार्ड की नालियों में गंदा पानी जमा होने और कचरे के ढेर लगने से स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना और राहगीरों का यहां से गुजरना तक मुश्किल हो गया है।
मोहल्लेवासियों कहना है कि नालियों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। बरसात के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है। जगह-जगह जलभराव और सड़ांध से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
महिलाओं ने बताया कि इस समस्या की जानकारी वार्ड नं 8 के पार्षद को और नगर पालिका प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे वार्ड की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई, कचरे का नियमित उठाव और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका को सफाई व्यवस्था में सुधार कर वार्डवासियों को गंदगी, बदबू और जलभराव की समस्या से जल्द राहत दिलानी चाहिए। अब लोगों की निगाहें नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
0 टिप्पणियाँ