प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे थनवार यादव सहसपुर नदी पार कर घुरसा रोड की ओर जा रहे थे। लगातार बारिश के चलते नदी उफान पर थी और जलस्तर सामान्य से कहीं अधिक था। नदी पार करते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद खुटेरी गांव के पास नदी में एक शव बहता दिखाई दिया। गांव के युवाओं ने साहस का परिचय देते हुए तेज बहाव के बीच नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। पहचान करने पर शव थनवार यादव का निकला। ग्रामीणों ने बताया कि जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रशासन की अपिल
लगातार बारिश के कारण जिले की अधिकांश नदियां और नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
0 टिप्पणियाँ