(Mr ds news) गरियाबंद:_ मानसून के दौरान जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बढ़ रही पर्यटकों की भीड़ के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर गरियाबंद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 अगस्त 2026 को शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले 10 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, चिंगरापगार तिराहा सहित अन्य प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों के आसपास वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों पर तत्काल कार्रवाई की गई।
पर्यटन स्थलों पर बढ़ी निगरानी
मानसून में चिंगरापगार, जतमई और घटारानी जैसे पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने तथा पर्यटकों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने चेकिंग अभियान तेज किया है।
पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। इसी को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर निगरानी और जांच लगातार जारी रहेगी।
पुलिस का स्पष्ट संदेश- नशे में वाहन चलाया तो कार्रवाई तय
गरियाबंद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम लोगों की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर और अधिक कड़ाई के साथ जारी रहेगा।
0 टिप्पणियाँ