कांवड़ियों की सेवा में दिखी शिव भक्ति, युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल


(Mr ds news) गरियाबंद :_  सावन के तीसरे रविवार को बाबा भूतेश्वरनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा। चारों ओर गूंजते “बोल बम” के जयकारों और बरसते पानी के बीच कांवड़ियों की सेवा में जुटे श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल, गरियाबंद के सदस्यों ने अपने सेवा भाव से हर किसी का दिल जीत लिया।

भूतेश्वरनाथ रोड पर समिति की ओर से लगाए गए सेवा शिविर में दूर-दराज से कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए चाय-बिस्किट, विश्राम और विशेष सेवा किट की व्यवस्था की गई। लंबी दूरी तय कर थके कांवड़ियों को राहत देने के लिए सदस्यों ने गर्म पानी से उनके पैर धोए और मूव लगाकर पैरों की मालिश की। इसके बाद श्रद्धालुओं को चाय-बिस्किट खिलाकर कुछ देर विश्राम कराया गया।

सेवा का ऐसा जज्बा, राहगीर भी कर उठे सलाम

बरसात के बीच जब अधिकांश लोग बारिश से बचने की कोशिश कर रहे थे, वहीं समिति के सदस्य पूरी तत्परता से कांवड़ियों की सेवा में जुटे रहे। गर्म पानी से पैर धोकर थकान दूर करने और अपनत्व के साथ चाय-बिस्किट देने का यह दृश्य राहगीरों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। कई लोगों ने समिति के इस प्रयास की खुलकर सराहना की।
प्रहलाद यादव ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना बाबा भूतेश्वरनाथ की सेवा के समान है। सावन के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को थोड़ी राहत और अपनापन देना ही समिति का उद्देश्य है।

वही नमन सेन ने कहा कि बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से आने वाले कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखकर सेवा करने का जज्बा और बढ़ जाता है। गर्म पानी से पैर धोना, मूव लगाकर थकान दूर करना, चाय-बिस्किट और विश्राम की व्यवस्था समिति की छोटी-सी कोशिश है, ताकि बाबा के भक्त बिना परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

वहीं कन्हैया कश्यप ने कहा कि बरसते पानी में भी सेवा का उत्साह कम नहीं हुआ। कांवड़ियों की हरसंभव मदद करना समिति के लिए सौभाग्य की बात है।

गरियाबंद से भूतेश्वरनाथ तक गूंजता रहा 'बोल बम'

सावन के तीसरे सोमवार को बाबा भूतेश्वरनाथ धाम में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचे। गरियाबंद से लेकर भूतेश्वरनाथ धाम तक पूरा क्षेत्र बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। पांडुका से मोहरा, माजरकट्टा और शिव मंदिर के आसपास भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाए गए, जहां भोजन, चाय-पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही।

सेवा में जुट रहे युवा 

श्री जगन्नाथ परिवार युवा बल की सेवा में नमन सेन, विक्कू सिन्हा, अंकित सिन्हा, प्रेम यादव, शेष नारायण सिन्हा, सागर सिन्हा, वंश दासवानी, मुकेश रावत, बिट्टू सिन्हा, शुभम यादव सहित समिति के सदस्य सक्रिय रहे।
बरसात में भी सेवा की गर्माहट-यही बनी इस सावन की सबसे खूबसूरत तस्वीर।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ