इस अभियान का उद्देश्य जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं और भाई-बहनों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति सजग करना है।
राखी के साथ साइबर सुरक्षा का वचन
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने जिलेवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। आज के डिजिटल दौर में तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसी के साथ साइबर अपराधियों की सक्रियता भी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान फर्जी गिफ्ट लिंक, लॉटरी, ऑनलाइन डिस्काउंट, इनाम के झांसे और सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी के जरिए ठगी के मामले सामने आते हैं। ऐसे में इस रक्षाबंधन पर भाई-बहन एक-दूसरे की डिजिटल सुरक्षा का भी संकल्प लें।
सुरक्षा बंधन सेल्फी' से फैलेगा जागरूकता का संदेश
गरियाबंद पुलिस की इस विशेष मुहिम के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 'सुरक्षा बंधन सेल्फी फ्रेम' जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने जिले के नागरिकों, खासकर युवाओं और भाई-बहनों से अपील की है कि वे राखी बांधते या बंधवाते समय अपनी 'सुरक्षा बंधन सेल्फी' लें और उसे सोशल मीडिया पर साझा करें।
सेल्फी को फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर साइबर सुरक्षा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई है।
डिजिटल रूप से जागरूक नागरिक ही सुरक्षित नागरिक'
गरियाबंद पुलिस का यह अभियान केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता पैदा करना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें और संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें।
रक्षाबंधन के इस पर्व पर गरियाबंद पुलिस ने जिलेवासियों को प्रेम और भाईचारे के साथ-साथ साइबर सुरक्षा का संकल्प लेने का संदेश दिया है।
0 टिप्पणियाँ