8 दिनों से भूख हड़ताल पर दिव्यांग युवक, मांगों को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

(Mr ds news) गरियाबंद:_  अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर गांधी मैदान में पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे दिव्यांग युवक अनिल यादव के समर्थन में अब राजनीतिक संगठन भी सामने आने लगे हैं। सोमवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी गरियाबंद के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर युवक की मांगों का जल्द निराकरण करने की मांग की।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि अनिल यादव दिव्यांग होने के कारण मेहनत-मजदूरी जैसे कार्य करने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में उनके सामने दैनिक जीवन की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ रहने के लिए आवास की समस्या भी बनी हुई है। पार्टी ने प्रशासन से युवक के स्वास्थ्य को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की है, ताकि उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त हो सके।

चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

दिव्यांग युवक अनिल यादव की प्रमुख मांगों में चलने-फिरने के लिए ई-साइकिल, वन विभाग में किए गए कार्यों के लंबित मेहनताना का भुगतान, स्थायी रोजगार का साधन और स्वयं के आवास की व्यवस्था शामिल है। युवक के अनुसार, स्वस्थ रहने के दौरान उन्होंने स्थानीय वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्य किया था। उनका कहना है कि उस दौरान किए गए कार्यों की कुछ राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। आर्थिक परेशानी और रोजगार के अभाव के चलते वह अपने दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में भी कठिनाई का सामना कर रहे हैं।

खबर के बाद संगठनों ने पहुंचकर जताया समर्थन

दिव्यांग युवक की भूख हड़ताल की खबर सामने आने के बाद विभिन्न संगठनों के लोग गांधी मैदान पहुंचकर उनसे मुलाकात कर रहे हैं और उनकी मांगों को समर्थन दे रहे हैं। हालांकि, युवक का कहना है कि अब तक शासन-प्रशासन की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है।

इसी को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो जिला स्तर पर उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा।

गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित करने के मामले में भी ज्ञापन

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की ओर से सोमवार को कलेक्टर के नाम दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। एक ज्ञापन दिव्यांग युवक अनिल यादव की चार सूत्रीय मांगों के संबंध में था, जबकि दूसरा ज्ञापन फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम दर्रीपार में सतनामी समाज के आराध्य गुरु बालक दास की प्रतिमा खंडित किए जाने के मामले को लेकर सौंपा गया। पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन से दोनों मामलों में जल्द कार्रवाई और उचित समाधान की मांग की।

ये रहे मौजूद 

ज्ञापन सौंपने के दौरान जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला अध्यक्ष भोजराम, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के उपाध्यक्ष महावीरा ध्रुव सहित जिला एवं खंड स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, दिव्यांग युवक अनिल यादव ने अपनी मांगों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार जताया।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी के अनुसार, प्रशासन से मांगों का जल्द निराकरण करने की अपेक्षा है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ