गरियाबंद:_ जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री बीएस उइके के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों में 11 भरे हुए और 8 खाली सिलेंडर शामिल हैं।
जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे ने बताया कि आयल कंपनियों के निर्देशानुसार जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था, जो नियमों के विरुद्ध है।
खाद्य विभाग की टीम ने ऑथेंटिक फूड एशियन रेस्टोरेंट में जांच के दौरान 2 भरे हुए और 4 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए। इसी तरह शिव फैमिली रेस्टोरेंट से 3 भरे और 2 खाली सिलेंडर, अमन फैमिली रेस्टोरेंट से 3 भरे सिलेंडर तथा होटल हार्मोनी एंड जायका रेस्टोरेंट से 3 भरे और 2 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर आम उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जाते हैं, इसलिए उनका व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस तरह का दुरुपयोग पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
खाद्य विभाग ने जिले के सभी होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। यदि भविष्य में किसी भी प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग द्वारा आगे भी जिले में इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
0 टिप्पणियाँ