वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप: पैसे के लेन-देन की बातचीत में फंसे SI अजय सिंह निलंबित



गरियाबंद:_  जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। ऑडियो में कथित रूप से एक पुलिस अधिकारी पैसे के लेन-देन की बातचीत करते हुए सुनाई दे रहा है, जिसकी पहचान प्रथम दृष्टया थाना कोतवाली गरियाबंद में पदस्थ उप निरीक्षक अजय सिंह के रूप में हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने तुरंत संज्ञान लिया और बिना देर किए कड़ी कार्रवाई करते हुए SI अजय सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस ऑडियो में एक पुलिस अधिकारी संदिग्ध तरीके से पैसों के लेन-देन की बात करता सुनाई दे रहा है। जांच के शुरुआती चरण में ही आवाज अजय सिंह की होने की पुष्टि सामने आई।

अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई 

पुलिस विभाग जैसे अनुशासित संस्थान में इस प्रकार के आचरण को गंभीर मानते हुए, अधिकारियों ने इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। इसी के चलते तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई।

विभागीय जांच शुरू 

सूत्रों की मानें तो मामले में आगे विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है, जिससे यह साफ हो सके कि ऑडियो में किए गए दावे कितने सही हैं और इसमें और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

0 टिप्पणियाँ