(Mr ds news) गरियाबंद:_ जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए गरियाबंद पुलिस ने अवैध प्रवासियों और बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर उन्हें गांव और वार्ड स्तर पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाहर से आकर मजदूरी, व्यवसाय या अन्य कार्यों के लिए रहने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दी जाए। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान पत्र नहीं है, तो इसकी सूचना बिना देरी पुलिस तक पहुंचाई जाए।
बिना सत्यापन किरायेदार रखने वालों पर होगी कार्रवाई
गरियाबंद पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। इसके लिए 'समाधान ऐप' के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच और कोटवार बनेंगे सुरक्षा के प्रहरी
पुलिस ने सरपंचों और कोटवारों को गांव स्तर पर सुरक्षा तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए निर्देश दिए हैं कि वे नए आने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखें और हर आवश्यक जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना दें
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गृहस्वामियों से अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 या नजदीकी थाना पुलिस को तत्काल दें।
0 टिप्पणियाँ