गरियाबंद में डायल-112 की तत्परता से टली अनहोनी: मालगांव पुलिया पर नदी में छलांग लगाने की तैयारी कर रहा था युवक, पुलिस ने बचाया

(Mr ds news) गरियाबंद:_  मालगांव पुलिया के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक नदी में छलांग लगाने की तैयारी की स्थिति में नजर आया। युवक ने अपने कपड़े उतार दिए थे और नदी में कूदने की बात कह रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भागुराम निषाद की नजर युवक पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर संभावित अनहोनी को टाल दिया।

6 किलोमीटर दूर से तुरंत मौके पर पहुंची टीम

सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने बिना समय गंवाए करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय कर मालगांव पुलिया पहुंची। मौके पर पहुंचने पर टीम ने देखा कि युवक नदी में कूदने की तैयारी में था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरक्षक 515 कृष्ण कुमार राय और चालक भानु प्रताप ठाकुर ने तत्काल युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। टीम की सूझबूझ और तत्परता से युवक को सुरक्षित पुलिया की ओर खींचकर बाहर निकाल लिया गया।

कपड़े पहनाकर पूछी घर की जानकारी

युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस टीम ने उसे कपड़े पहनाए और उसके घर-परिवार की जानकारी ली। युवक ने अपना पता ग्राम भिलाई तथा पिता का नाम दुखुराम बताया।
इसके बाद डायल-112 की टीम युवक को उसके घर लेकर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी देते हुए युवक को उनके सुपुर्द कर दिया।

भागुराम निषाद की सतर्कता बनी अहम कड़ी

इस पूरे घटनाक्रम में भागुराम निषाद की सजगता बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने समय रहते युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 टीम ने तेजी से कार्रवाई की, जिसके चलते एक संभावित अनहोनी टल गई।

पुलिस की तत्परता से बची जिंदगी

घटना ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की स्थिति में समय पर सूचना और त्वरित पुलिस सहायता कितनी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। डायल-112 टीम की तत्काल कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बचाकर उसके परिजनों तक पहुंचाया गया।

इस कार्रवाई में आरक्षक 515 कृष्ण कुमार राय एवं चालक भानु प्रताप ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, घटना की सूचना समय पर देने वाले भागुराम निषाद की सतर्कता और तत्परता भी सराहनीय रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ