गरियाबंद । जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां रोजी-रोटी कमाने आए एक मिस्त्री की हाईटेंशन बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा ग्राम बेहरा बुड़ा में आज सुबह करीब 10 बजे हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक छुरा क्षेत्र के ग्राम पिपरहट्टा का निवासी था और मिस्त्री का काम करने के लिए बेहरा बुड़ा गांव आया हुआ था। काम के दौरान अचानक वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन युवक की हालत अत्यंत नाजुक बनी रही।
चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर करने की तैयारी की, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। रेफर की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा और कार्यस्थल पर सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस हादसे के पीछे लापरवाही थी या महज एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना।
बड़ा सवाल:_
क्या हाईटेंशन लाइनों के आसपास काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं?
0 टिप्पणियाँ