गरियाबंद:_ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली एक निजी स्कूल बस पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जब्त कर लिया गया तथा ₹10 हजार का ऑनलाइन ई-चालान भी जारी किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 25 जून को परिवहन विभाग (एआरटीओ) और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में संचालित स्कूल बसों की आकस्मिक जांच की। इस दौरान एक निजी स्कूल की बस को रोककर उसके दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि बस बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के संचालित हो रही थी। इतना ही नहीं, बच्चों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य अग्निशामक यंत्र (फायर एक्स्टिंग्विशर) भी बस में उपलब्ध नहीं था। इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए संयुक्त टीम ने तत्काल बस को जब्त कर लिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ₹10,000 का ऑनलाइन ई-चालान जारी किया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, पीयूसी, बीमा तथा अग्निशामक यंत्र सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि आगामी दिनों में स्कूल वाहनों की जांच और भी सख्ती से जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना और सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।
0 टिप्पणियाँ